पांच पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, 526 किलो मादक पदार्थ जब्त : अमित शाह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-09-2026
Five Pakistani nationals arrested, 526 kg of drugs seized: Amit Shah
Five Pakistani nationals arrested, 526 kg of drugs seized: Amit Shah

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को बताया कि गुजरात आतंकवादी रोधी दस्ते (एटीएस), भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त अभियान में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम मेथामफेटामीन और हेरोइन जब्त कर पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
 
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्र सरकार देश के युवाओं को नशे के खतरे से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
उन्होंने बताया कि यह अभियान भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र में लक्षद्वीप से 160 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम और मुंबई से 490 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में चलाया गया।
 
शाह ने कहा, ‘‘ पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। व्यापक नेटवर्क और मादक पदार्थों के संभावित प्राप्तकर्ताओं की पहचान के लिए जांच जारी है। एजेंसियों के बीच बेहतरीन समन्वय और सहयोग का उदाहरण पेश करने वाले इस 16 दिवसीय अभियान में एक ईरानी नाव भी जब्त की गई।’’
 
भारतीय तटरक्षक बल ने एक बयान में बताया कि 25 सितंबर को 3,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए।