First the CEC should resign, then the Prime Minister and Home Minister will also be held accountable: Congress
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता है तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि इस ‘‘घिनौनी साजिश’’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी जवाबदेह ठहराया जाएगा।
उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब अंग्रेजी दैनिक 'इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि गोवा में 97 मतदाताओं के मामलों में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने दस्तावेजों की जांच करने और सुनवाई के बाद उन्हें अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने योग्य पाया था, लेकिन ‘‘ईसीआईनेट’’ सॉफ्टवेयर में उन्हें दोबारा शामिल करने का विकल्प उपलब्ध नहीं था। गोवा के सीईओ कार्यालय ने इस संबंध में सात दिनों में आठ बार अनुरोध किया था।
रमेश ने इस खबर का उल्लेख करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘प्रत्येक नए साक्ष्य’’ से इस बात की पुष्टि होती है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले करीब दो वर्षों से चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठाते रहे हैं, वे गंभीर हैं।