भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, तीन विमानन नियामकों में 2,645 पद रिक्त : नागर विमानन राज्य मंत्री मोहोल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-02-2026
2,645 posts vacant in Airports Authority of India, three aviation regulators: MoS for Civil Aviation Mohol
2,645 posts vacant in Airports Authority of India, three aviation regulators: MoS for Civil Aviation Mohol

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और तीन विमानन नियामक निकायों- नागर विमानन महानिदेशालय, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो और भारतीय विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण में कुल 2,645 पद रिक्त हैं।
 
संसद के निचले सदन में, एक प्रश्न के लिखित उत्तर में नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले रिक्त पदों, जिनमें संबद्ध कार्यालय और नियामक निकाय शामिल हैं, को भरने के लिए समय-समय पर पर्याप्त कदम उठाए जाते हैं।
 
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में 787 रिक्त पद हैं, जो मुख्य रूप से 2022-2024 के दौरान किये गए पुनर्गठन के तहत सृजित 441 अतिरिक्त पदों के कारण हैं।
 
मंत्री ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) में प्रत्यक्ष भर्ती (कार्यकारी) पदों से संबंधित 1,667 रिक्तियां हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इन रिक्तियों को भरने के लिए, एएआई ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई है, परिचालन के दृष्टिकोण से संवेदनशील हवाई अड्डों पर कर्मचारियों का स्थानांतरण किया है और हवाई क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप अतिरिक्त एटीसीओ (वायु यातायात नियंत्रक) पद सृजित किए हैं...।’’