आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली वन विभाग हरित कार्य योजना (जीएपी) 2026-27 के तहत राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान की तैयारी कर रहा है, जिसके तहत दक्षिण और पश्चिम वन क्षेत्रों में 56.46 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 7.19 लाख से अधिक पौधरोपण तथा उनकी देखभाल करने की योजना है।
विभाग ने पौधा रोपण और सुरक्षा बाड़ लगाने जैसे रखरखाव कार्यों के लिए कई निविदाएं जारी की हैं। इस प्रस्ताव में दक्षिण और पश्चिम वन प्रभागों के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर 3.22 लाख पौधे तथा 3.96 लाख झाड़ियां लगाने का कार्य शामिल है।
वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारा मुख्य उद्देश्य ऐसे देशी पौधों को लगाना होगा जो लंबे समय तक टिकें ताकि बेहतर जीव संरक्षण और दीर्घकालिक पारिस्थितिक लाभ सुनिश्चित हो सकें। निविदाओं को अंतिम रूप दिए जाने के तुरंत बाद प्रारंभिक कार्य शुरू होने की उम्मीद है। हम दिल्ली को हरा-भरा बनाने और इसके वनों की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’
दक्षिण वन प्रभाग के अंतर्गत प्रमुख प्रस्तावों में से एक मैदान गढ़ी भूमि से संबंधित है, जहां विभाग ने 2026-27 में लगभग 10.28 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 71,000 पौधे तथा 76,000 झाड़ियां लगाने की योजना बनाई है। निविदा में पौधों की सुरक्षा के लिए पौधारोपण क्षेत्र में बाड़ किए जाने का भी प्रावधान है।
इसी वन प्रभाग के अंतर्गत डेरा भूमि पर 55,500 पौधे और 60 हजार झाड़ियां रोपने के लिए एक अन्य निविदा की गई है। परियोजना की कुल लागत 10.37 करोड़ रुपये है।