FIR against Rahul, Priyanka for 'attacking' policemen and 'obstructing government work'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा, प्रदर्शन में भाग लेने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि यह मामला बुधवार को यहां कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं के सिलसिले में दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुल 91 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें कई सांसद और नेता शामिल थे।
विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' के नेताओं के विरोध प्रदर्शन का राहुल गांधी ने नेतृत्व किया था जिसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी समेत कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
जनपथ स्थित एक दक्षिण भारतीय शाकाहारी रेस्तरां में दोपहर के भोजन के बाद जब विपक्षी नेता बसों में सवार होकर जंतर-मंतर पर अचानक धरने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच प्रियंका गांधी और अन्य महिला नेता संविधान की प्रति हाथ में लेकर सड़क पर लेट गईं, जिन्हें जबरन हटाकर पुलिस बसों में बिठाया गया।