जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, तलाशी अभियान जारी

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 18-11-2026
Encounter between terrorists and security forces in Kulgam, Jammu and Kashmir; search operation underway.
Encounter between terrorists and security forces in Kulgam, Jammu and Kashmir; search operation underway.

 

श्रीनगर।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह आतंकवादियों और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है।

कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि कुलगाम में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम का आतंकवादियों से सामना हुआ है। इलाके में अभियान जारी है।

इस बीच, पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया कि सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया उमर निसार डार, लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 10 नवंबर को कई स्थानों की रेकी कर चुका था। इसका उद्देश्य 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हमले के लिए ठिकानों की पहचान करना था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से जारी सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों ने 10 नवंबर को मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई स्थानों पर जाकर सुरक्षा बलों की तैनाती और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी।

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर अखरान में सीआरपीएफ के नाके पर हमला किया और मौके से फरार हो गया।

जांच एजेंसियों ने 10 और 11 नवंबर की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसमें उमर निसार डार और लतीफ भट कई स्थानों पर लगे कैमरों में दिखाई दिए। फुटेज में हमले से पहले उनकी गतिविधियां और वारदात के बाद भागने की तस्वीरें भी दर्ज हुईं।

लश्कर कमांडर की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को पता चला कि वह पिछले पांच से छह महीने से लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को पनाह और दूसरी तरह की मदद दे रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि अखरान में सीआरपीएफ पर हमले के तुरंत बाद उमर निसार डार ने आतंकी संगठन टीआरएफ का दामन थाम लिया था।

हमले के बाद फरार हुए उमर निसार डार और लतीफ भट को सोमवार को लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उमर निसार डार मारा गया। हालांकि, लश्कर कमांडर लतीफ भट वहां से बच निकलने में सफल रहा। उसकी तलाश में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।

गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोलीबारी की थी। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे।