हिंद-प्रशांत क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय होना चाहिए: प्रधानमंत्री मोदी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
The future of the Indo-Pacific region should be determined by cooperation, not competition: PM Modi
The future of the Indo-Pacific region should be determined by cooperation, not competition: PM Modi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 देशों के समूह आसियान के नेताओं से मंगलवार को कहा कि भारत एक स्वतंत्र, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास करता है तथा इसका भविष्य ‘‘प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से’’ तय होना चाहिए।
 
मोदी ने यह टिप्पणी क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों को लेकर चिंताओं के बीच की है।
 
प्रधानमंत्री ने वार्षिक आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में नौ पहल का प्रस्ताव रखा। इन पहलों में संपर्क बढ़ाने और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुद्री सहयोग की दीर्घकालिक योजना, आसियान के सदस्य देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त इलेक्ट्रॉनिक वीजा (ई-वीजा) और असैन्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान की रूपरेखा तैयार करना शामिल है।
 
मोदी ने अपने संबोधन में आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को भारत द्वारा दिए जाने वाले महत्व को रेखांकित किया और कहा कि दोनों पक्षों को क्षेत्र तथा उसके परे भी शांति एवं स्थिरता के लिए और भविष्य को लेकर अनिश्चितता दूर करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण इस साझेदारी का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति ने दोनों पक्षों के संबंधों को नयी गति दी है।