आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के शबरिमला स्थित भगवान अय्यप्पा मंदिर के कपाट मंगलवार तड़के तीन बजे खुलने के साथ ही दो महीने तक चलने वाली वार्षिक मंडला-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा शुरू हो गई और हजारों श्रद्धालु ‘स्वामीये शरणम अय्यप्पा’ के जयकारों के बीच पहाड़ी क्षेत्र में स्थित मंदिर पहुंचे।
नवनियुक्त मेलशांति (मुख्य पुजारी) अरीक्करा सुब्रमण्यम शंकरन नंबूदरी ने मलयालम कैलेंडर के वृश्चिकम माह के पहले दिन श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले। इसके साथ ही तीर्थयात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई।
मलिकप्पुरम मंदिर भी इसी समय खुला। वहां नवनियुक्त मेलशांति ए. दामोदरन नंबूदरी ने पूजा-अर्चना शुरू की।
पूजा की तैयारियों के लिए सोमवार शाम को दोनों मंदिर खोले गए थे। इस दौरान निवर्तमान मुख्य पुजारियों ने अपने उत्तराधिकारियों को कार्यभार सौंपा।
नवनियुक्त मेलशांति ने तंत्री कंदारू ब्रह्मदत्तन द्वारा पारंपरिक अभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराए जाने के बाद अपना कार्यभार संभाला। सोमवार को तैयारी संबंधी अनुष्ठानों के बाद कोई अन्य प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं था।
राज्य के देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने तड़के तीन बजे अय्यप्पा मंदिर में निर्माल्य दर्शन किए।