Education first: Nanded woman arrives with 10-day-old baby to appear for Class 12 exam
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नांदेड़ शहर में एक महिला अपने 10 दिन के बच्चे को गोद में लेकर महाराष्ट्र बोर्ड की कक्षा 12 की परीक्षा में शामिल होने पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर महिला के लिए विशेष इंतजाम किए। अधिकारियेां ने यह जानकारी दी।
शीतल चंद्रकांत चित्ते (21) बुधवार को अपने नवजात शिशु के साथ राजनीति विज्ञान की परीक्षा में शामिल होने केंद्र पर पहुंचीं। इससे पहले प्रसव के महज दो दिन बाद उन्होंने 10 फरवरी को अंग्रेजी की परीक्षा में भी बैठी थी। महिला अपनी बहन के साथ अंग्रेजी की परीक्षा में शामिल होने आई थी।
शिक्षा के प्रति महिला के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए पीपुल्स कॉलेज के अधिकारियों ने एक समर्पित ‘मातृस्नेह कक्षा’ (मां के अनुकूल कमरा) बनाया और बच्चे के लिए एक पालने की व्यवस्था की, जिससे शीतल के लिए परीक्षापत्र लिखना आसान हो गया।
शीतल की शादी दो साल पहले हुई थी। वह यहां के श्री बसवेश्वर कॉलेज की छात्रा हैं। उन्होंने कहा कि घर पर बच्चे की देखभाल करने वाला कोई नहीं है क्योंकि उनके पति दिन में काम पर चले जाते हैं।
उन्होंने बताया कि 12 वीं की परीक्षा उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसी कारण उन्होंने इसे नहीं छोड़ने का फैसला किया और उनका परिवार भी शिक्षा जारी रखने के उनके फैसले का समर्थन करता है।