ED conducts raids in four states in money laundering case linked to drug trafficking
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को दक्षिण भारत के चार राज्यों तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में एक साथ कई स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सीमा पार से जुड़े मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों से संबंधित धन शोधन जांच के तहत की गई।
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही जांच के सिलसिले में कुल 30 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इनमें तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुनेलवेली, नागपट्टिनम, वेलंकन्नी और रामनाथपुरम; कर्नाटक के कोलार, मालूर (कोलार जिला) और होसकोटे (बेंगलुरु उत्तर जिला); तेलंगाना के सेरिलिंगमपल्ली, नानकरामगुडा (हैदराबाद) और रंगारेड्डी जिले; तथा केरल के कोझिकोड, कन्नूर, मलप्पुरम और त्रिशूर स्थित परिसर शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी की यह कार्रवाई नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित करीब आठ पुलिस प्राथमिकियों पर आधारित है। ये मामले विभिन्न राज्य पुलिस इकाइयों और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का हिस्सा है। साथ ही, यह गृह मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी ‘मादक पदार्थ नियंत्रण पर दृष्टिपत्र 2026-2029’ में निर्धारित प्रवर्तन योजना के तहत भी की जा रही है।