ED begins probe into case related to 'irregularities' in recruitment exams in Jharkhand
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड में जेएसएससी-सीजीएल सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आयोजन में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की ओर से दर्ज प्राथमिकी, कुछ अन्य शिकायतों और आरोपपत्रों का संज्ञान लेते हुए धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की है।
उन्होंने कहा कि ईडी जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू कर सकती है, जिसमें सबूत जुटाना, मामलों से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए समन भेजना और संभवतः आरोपियों की संपत्ति जब्त करना शामिल है।
झारखंड में छात्र जेएसएससी-सीजीएल (झारखंड सामान्य स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा) सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग को लेकर पिछले 16 दिन से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।