EC should answer on “discrepancy” in Andhra Pradesh voter turnout in 2024 elections: YSRCP
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश में विपक्षी युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने 2024 के चुनावों के दौरान चित्तूर लोकसभा क्षेत्र और इसके अंतर्गत आने वाले सात विधानसभा क्षेत्रों में शाम छह बजे के बाद मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाताओं की संख्या में कथित विसंगति पर सोमवार को निर्वाचन आयोग से जवाब मांगा।
तिरुपति से वाईएसआरसीपी के सांसद मद्दिला गुरुमूर्ति ने हाल में प्रकाशित एक समाचार रिपोर्ट के आधार पर यह मांग की है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2024 में चित्तूर लोकसभा क्षेत्र और उसके अंतर्गत आने वाले सात विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ हुए चुनावों के दौरान मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाताओं की संख्या के आंकड़ों में 31,000 से अधिक का अंतर था।
समाचार रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 13 मई 2024 को शाम छह बजे के बाद चित्तूर लोकसभा सीट के लिए मतदान करने वाले 56,067 मतदाता कतार में खड़े थे, जबकि इसके अंतर्गत आने वाली सात विधानसभा सीटों के लिए यह संख्या केवल 24,596 थी। इससे कई सवाल खड़े हुए हैं।
रिपोर्ट में इन सात विधानसभा क्षेत्रों की पहचान कुप्पम, नगरी, चंद्रगिरि, नेल्लोर, चित्तूर, पलामनेर और पुथलपट्टू के रूप में की गई है।
वाईएसआरसीपी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में गुरुमूर्ति ने कहा, ‘‘ ‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ की चित्तूर संबंधी रिपोर्ट से कई सवाल उठते हैं जिनका जवाब भारत निर्वाचन आयोग को देना चाहिए। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने 13 मई 2024 को शाम छह बजे के बाद लोकसभा सीट के लिए मतदान करने की प्रतीक्षा कर रहे 56,067 मतदाताओं को दर्ज किया, जबकि उन्हीं मतदान केंद्रों और कतारों वाले सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए यह संख्या केवल 24,596 थी।’’
उन्होंने कहा कि इस अंतर की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए और संबंधित रिकॉर्ड एवं की गई कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।