अर्सला खान/नई दिल्ली
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के विभिन्न हिस्सों में सोमवार तड़के भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता 4.2 मापी गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कहीं से किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है ।
उत्तरकाशी के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, तड़के एक बजकर 21 मिनट 34 सेकंड पर 4.2 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र दस किलोमीटर की गहराई में बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास रहा।
भूकंप के झटके उत्तरकाशी, बड़कोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़ और डुंडा समेत यमुना घाटी के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। रात के अंधेरे में अचानक घरों के हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और दो और तीन मंजिला मकानों में रहने वाले लोग डरकर बाहर निकल आए।
अधिकारियों ने बताया कि तहसीलदारों, पुलिस थाना-चौकी प्रभारियों, राजस्व उपनिरीक्षकों और ग्राम प्रधानों से जानकारी ली गयी है और फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है ।