DUSU elections: Amid tight security, Delhi University campuses witness election atmosphere
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतदान के बीच परिसरों में गहमा-गहमी का माहौल बना हुआ है और आखिरी क्षणों में भी उम्मीदवार और उनके समर्थक विद्यार्थियों को अपने पक्ष में करने की जीतोड़ कोशिश कर रहे हैं।
छात्र संगठनों ने पर्चे बांटे, तख्तियां प्रदर्शित कीं और विद्यार्थियों से डूसू के चार केंद्रीय पदों तथा महाविद्यालय प्रतिनिधियों के चुनाव में उनके उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच दो पालियों में मतदान हो रहा है। पुलिस ने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए महाविद्यालयों के बाहर अवरोधक लगाए हैं और विद्यार्थियों की तलाशी ली जा रही है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय छात्र संघ (आइसा)-स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच कड़े मुकाबले वाले चुनाव के नतीजे शनिवार को घोषित होंगे।