दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल: उत्तर और दक्षिण क्षेत्र, मध्य और पूर्व क्षेत्र के बीच कड़े मुकाबले की संभावना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-08-2026
Duleep Trophy semi-finals: Tough contests expected between North and South Zone, Central and East Zone
Duleep Trophy semi-finals: Tough contests expected between North and South Zone, Central and East Zone

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मौजूदा चैंपियन मध्य क्षेत्र रविवार से यहां शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में आत्मविश्वास से भरी पूर्वी क्षेत्र का सामना करेगा जबकि उत्तर क्षेत्र और पिछले साल की उपविजेता दक्षिण क्षेत्र के बीच भी रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है।
 
उत्तर और पूर्व क्षेत्र की टीम क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल करके आगे बढ़ी हैं जबकि मध्य और दक्षिणी क्षेत्र को सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश मिला था।
 
पूर्वी क्षेत्र ने क्वार्टर फाइनल में उत्तर पूर्वी क्षेत्र को करारी शिकस्त दी थी जबकि उत्तर क्षेत्र में पश्चिम क्षेत्र के खिलाफ बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक की शानदार गेंदबाजी की बदौलत रोमांचक जीत हासिल की थी।
 
लगातार दूसरे साल रजत पाटीदार की कप्तानी में खेल रहे मध्य क्षेत्र और तिलक वर्मा की अगुवाई वाली दक्षिण क्षेत्र को टूर्नामेंट में एक भी मैच न खेलने के बावजूद शानदार शुरुआत करनी होगी।
 
मध्य क्षेत्र में पिछले साल ट्रॉफी जीतने वाली टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा है। पाटीदार आईपीएल और एमपी टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद टूर्नामेंट में उतर रहे हैं, जबकि उप-कप्तान रिंकू सिंह के रूप में उसके पास मध्य क्रम में एक और मजबूत खिलाड़ी है।
 
मध्य क्षेत्र का मजबूत पक्ष उसकी गेंदबाजी हो सकती है। श्रीलंका के खिलाफ ड्रॉ रहे दूसरे टेस्ट में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले सारांश जैन और अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में वनडे मैचों में खेलने वाले हर्ष दुबे बेहतरीन स्पिन जोड़ी हैं। यश ठाकुर और जीशान अंसारी तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।