डीयू ने एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के पहले दौर की घोषणा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-08-2026
DU announces first round of admissions to one-year postgraduate courses
DU announces first round of admissions to one-year postgraduate courses

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के पहले दौर की घोषणा कर दी है। सीट आवंटन की पहले ही घोषणा की जा चुकी है और अभ्यर्थियों को छह अगस्त तक आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी।
 
विश्वविद्यालय की प्रवेश शाखा की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, दाखिला प्रक्रिया विज्ञान, मानविकी और भाषा विषयों से जुड़े 28 एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए है।
 
इन पाठ्यक्रमों में मानव विज्ञान, जैवरसायन विज्ञान, जैव चिकित्सा विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, गणित, सूक्ष्म जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, सांख्यिकी और प्राणी विज्ञान सहित अन्य विषयों में एमएससी पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा अरबी, बांग्ला, फ्रेंच, जर्मन, हिस्पैनिक, इतालवी, पंजाबी, फारसी और हिंदी पत्रकारिता में एमए पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।
 
दाखिला कार्यक्रम के अनुसार, पहले दौर का सीट आवंटन मंगलवार को जारी किया गया था और अभ्यर्थी बृहस्पतिवार रात 11 बजकर 59 मिनट तक अपनी आवंटित सीट स्वीकार कर सकते हैं। विभाग और केंद्र आठ अगस्त रात 11 बजकर 59 मिनट तक ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे।
 
जिन अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत हो जाएंगे, उनके लिए दाखिला शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि नौ अगस्त रात 11 बजकर 59 मिनट तक है।
 
विश्वविद्यालय ने कहा कि शेष पाठ्यक्रमों के लिए दाखिले की घोषणा अलग से की जाएगी और अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से दाखिला पोर्टल देखते रहें।
 
 
राष्ट्रीय दिल्ली