आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मिजोरम के राज्यपाल जनरल विजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को कहा कि राज्य ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान सीमा पार तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी पर महत्वपूर्ण कार्रवाई की है, जिसमें कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने 1,047 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
सिंह ने राज्य विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत में अपने संबोधन में कहा कि राज्य पुलिस की सक्रिय गश्त और निरंतर निगरानी के कारण चालू वित्त वर्ष के दौरान मिजोरम में समग्र कानून व्यवस्था की स्थिति शांतिपूर्ण रही।
उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों जैसे असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बीच समन्वित अभियान के परिणामस्वरूप अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया, जिससे 1,047 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाओं की बरामदगी हुई।
उन्होंने कहा कि इसी अवधि के दौरान तस्करी किए गए सुपारी, शराब, हथियार, विस्फोटक और नकली मुद्रा सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की भारी खेप भी जब्त की गई, जिसके परिणामस्वरूप कई गिरफ्तारियां हुईं।
मिजोरम की 325 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमाएं असम, मणिपुर और त्रिपुरा से लगती हैं, जबकि इसकी 828 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं पश्चिम में बांग्लादेश और पूर्व में म्यांमा से जुड़ी हैं।