दिल्ली में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 10 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-10-2026
10 driving licences suspended for traffic violations in Delhi
10 driving licences suspended for traffic violations in Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली यातायात पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 10 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
इसके अलावा पुलिस ने कार्रवाई के लिए अदालतों और परिवहन प्राधिकरणों को 556 प्रस्ताव भेजे हैं।
 
उन्होंने बताया कि इस अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा में सुधार करना और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 का पालन सुनिश्चित करना है।
 
पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में अधिनियम की धारा 185 के तहत 112 प्रस्ताव अदालतों को भेजे गए हैं। इनमें लागू होने की स्थिति में धारा 20(2) के तहत ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने या अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया गया है। इन मामलों में अदालतों ने पांच लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दिए हैं।