Disappointed at being left out of Karnataka cabinet without any reason: Dinesh Gundu Rao
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक दिनेश गुंडू राव ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने पर निराशा जताई है।
पार्टी के ब्राह्मण चेहरे, राव ने पूर्ववर्ती सिद्धरमैया सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर काम किया था।
राव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अपने पूरे राजनीतिक कार्यकाल में कर्नाटक के लोगों की विधायक और मंत्री के तौर पर सेवा करने का मौका मिलने के लिए मैं बहुत आभारी रहा हूं। जिन पहलों पर मैंने काम किया है और जिनमें मेरा पूरा भरोसा है, उनसे जमीनी स्तर पर बदलाव आया है। छह बार विधायक बनना केवल इसलिए मुमकिन हो पाया है क्योंकि लोगों ने मुझ पर भरोसा बनाए रखा और यह भरोसा मेरे लिए सबसे अधिक मायने रखता है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री आर. गुंडू राव के बेटे राव ने कहा, ‘‘यह निराशाजनक है कि राज्य और पार्टी की इतने सालों की सेवा के बाद भी, मुझे इस मंत्रिमंडल में सरकार की सेवा करने का मौका नहीं दिया गया। मुझे इस बात से निराशा है कि मुझे बाहर रखा गया और कोई कारण भी नहीं बताया गया।’’
कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित केवल 34 मंत्री पद है। सोमवार को हुए विस्तार के बाद, मंत्रिमंडल में एक और मंत्री को शामिल किया जा सकता है।