आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी की प्रमुख ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ऑनलाइन मंच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को पूर्ण समर्थन दिया है।
ओ'ब्रायन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तृणमूल नेतृत्व अब भी “अच्छी लड़ाई लड़ने” पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे हफ्ते ममता और अभिषेक के साथ उद्देश्यपूर्ण बैठकें हुईं। दोनों का ध्यान अच्छी लड़ाई लड़ने पर केंद्रित हैं। दृढ़ संकल्प बना हुआ है। और हां, दोनों ने ‘कॉकरोच’ के प्रति अपना पूर्ण समर्थन जाहिर किया।’’
पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के साथ लगातार रणनीतिक और समीक्षा बैठकें कर रही हैं, ताकि इस राजनीतिक क्षति का आकलन किया जा सके और पार्टी की आगे की दिशा तय की जा सके।
अमेरिका बोस्टन में रहने वाले अभिजीत दीपके द्वारा स्थापित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ 16 मई को शुरू होते ही सोशल मीडिया पर छा गई। इसकी शुरुआत प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की उन टिप्पणियों के कारण हुए विवाद के बाद हुई, जिसे व्यापक रूप से बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘‘कॉकरोच’’ से करने के रूप में देखा गया।