आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में शुक्रवार सुबह इस मौसम में पहली बार वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई और राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, सुबह छह बजकर पांच मिनट पर एक्यूआई 403 था और सुबह आठ तथा नौ बजे भी इसी स्तर पर बना रहा। ऐप पर वायु गुणवत्ता के प्रति घंटे के आंकड़े उपलब्ध कराए जाते हैं। दिन का 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे दर्ज किया जाएगा।
सुबह आठ बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’, 24 में ‘बेहद खराब’ और एक में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।
आईआईटी दिल्ली में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 488 रहा। इसके बाद चांदनी चौक में 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 एक्यूआई दर्ज किया गया।
बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 456 रहा, जबकि आईटीओ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में यह 451 दर्ज किया गया।
‘गंभीर’ श्रेणी के एक्यूआई वाले अन्य इलाकों में जहांगीरपुरी (430), वजीरपुर (427), आनंद विहार (419), रोहिणी (413), आईजीआई हवाई अड्डा (टी-3) (403) और टिकरी कलां (402) शामिल रहे।