पोप लियो 14वें ने ‘पुरुषवादी मानसिकता’ की निंदा की, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Pope Leo XIV condemns 'patriarchal mindset', calls for ensuring safety of women
Pope Leo XIV condemns 'patriarchal mindset', calls for ensuring safety of women

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पोप लियो 14वें ने पेरू में व्याप्त व्यापक ‘पुरुषवादी मानसिकता’ और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की बृहस्पतिवार को निंदा की। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान की मांग करते हुए पेरू के चर्च और वहां के लोगों के लिए आगे के दिशा-निर्देश दिए।

बुधवार को भावुक माहौल में अपने पुराने घर लौटने के बाद पोप ने बृहस्पतिवार को कामकाज संभाला। उन्होंने चर्च तथा देश की चुनौतियों पर गौर किया जिनसे वह भली भांति परिचित हैं।
 
उन्होंने कैथोलिक चर्च के प्रभावशाली पदाधिकारियों से एकता और भाईचारे का उदाहरण बनने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने पेरू के बिशपों को निर्देश दिया कि वे अपने अनुयायियों के साथ खड़े रहें और पादरियों द्वारा किए गए यौन शोषण के पीड़ितों को न्याय दिलाएं।
 
उन्होंने यौन शोषण के छह पीड़ितों से भी मुलाकात की। इनमें एक ऐसे संप्रदाय जैसे समूह के पीड़ित भी शामिल थे, जिस पर पोप फ्रांसिस ने पिछले साल प्रतिबंध लगा दिया था।
 
पोप (71) अपने घर वापस आकर बेहद खुश नजर आए। उन्होंने लीमा के प्लाजा मेयर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया जहां करीब 40,000 लोग मौजूद थे।
 
पोप के पास अमेरिका और पेरू की दोहरी नागरिकता है।
 
अपनी दक्षिण अमेरिकी यात्रा के पहले दो चरणों की तरह ही यहां भी पोप लियो पूरी तरह स्वस्थ और ऊर्जा से भरपूर दिखे। पिछले महीने ही उनके फेफड़ों के कैंसर की सर्जरी हुई थी।