केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन मन्नम जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Kerala Chief Minister Satheesan Mannam to inaugurate the birth anniversary celebrations
Kerala Chief Minister Satheesan Mannam to inaugurate the birth anniversary celebrations

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन जनवरी में यहां पेरुन्ना स्थित नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) के मुख्यालय में संगठन की ओर से आयोजित मन्नम जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह संगठन के मुख्यालय का उनका पहला दौरा होगा।
 
मन्नम जयंती हर साल एक और दो जनवरी को एनएसएस के संस्थापक मन्नथु पद्मनाभन की जयंती के अवसर पर मनाई जाती है।
 
मुख्यमंत्री के इस दौरे को सतीशन और नायर सर्विस सोसाइटी के महासचिव जी. सुकुमारन नायर के बीच विभिन्न मुद्दों पर सामने आए मतभेदों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 
एनएसएस केरलम के प्रभावशाली नायर समुदाय का प्रतिनिधित्व करता है।
 
नायर ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री को फोन करके समारोह का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को औपचारिक पत्र भी भेजा गया था और उन्होंने निमंत्रण पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
 
उन्होंने कहा कि यदि सतीशन एनएसएस मुख्यालय के दौरे के दौरान मन्नथु पद्मनाभन की समाधि पर जाना चाहेंगे तो इसके लिए व्यवस्था की जाएगी।
 
एनएसएस नेतृत्व और मुख्यमंत्री के बीच मतभेदों के बारे में पूछे जाने पर नायर ने कहा कि दोनों के बीच इन मुद्दों पर बातचीत हुई है और पहले की गलतफहमियां दूर कर ली गई हैं।
 
सतीशन के पहले दिए गए उस बयान के बारे में पूछे जाने पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह समुदायों के संगठनों से समर्थन मांगने के लिए उनके पास नहीं जाएंगे, नायर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें उन परिस्थितियों के बारे में बताया है, जिनमें उन्होंने यह टिप्पणी की थी।
 
नायर ने कहा, ‘‘उन्होंने बताया कि किन परिस्थितियों में उन्होंने यह बयान दिया था। हमने स्थिति और उसके पीछे के कारणों को समझ लिया है।'’’
 
मंत्रियों के निजी स्टाफ में नियुक्तियों के लिए समुदाय के नेताओं द्वारा नाम सुझाए जाने के बारे में पूछे जाने पर नायर ने इस बात से इनकार किया कि एनएसएस ने ऐसी कोई सिफारिश की है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमने किसी भी मंत्री के निजी स्टाफ में नियुक्ति के लिए एक भी व्यक्ति का नाम नहीं सुझाया है।’’
 
एनएसएस के महासचिव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और संगठन के बीच हुई बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस के अपने स्थापित विचार और रुख हैं तथा विभिन्न मुद्दों पर संगठन के दृष्टिकोण को इसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए।