हल्की बारिश के बीच दिल्ली में सुबह मौसम थोड़ा गर्म रहा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-07-2026
Delhi's weather remained warm in the morning amid light rain.
Delhi's weather remained warm in the morning amid light rain.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दिन के शुरुआती घंटों में हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
 
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में शुक्रवार देर रात ढाई बजे से शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे के बीच एक मिलीमीटर बारिश हुई। इसी अवधि में पालम में 0.4 मिलीमीटर और लोधी रोड में शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे से देर रात ढाई बजे के बीच 1.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
 
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के न्यूनतम तापमान से 0.4 डिग्री अधिक है।
 
अन्य मौसम केंद्रों में, पालम में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लोधी रोड में यह 27 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "शनिवार सुबह या दोपहर से पहले के समय में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।"
 
उन्होंने बताया कि दोपहर से रात तक कई स्थानों पर फिर से बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
 
अधिकारी ने कहा कि रविवार को भी मौसम की ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है।
 
आईएमडी ने बारिश की चेतावनी जारी करते हुए मंगलवार और बुधवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
 
मौसम कार्यालय के अनुसार, अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 68 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
 
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।