आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में मौसम विभाग द्वारा हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है लेकिन एक दिन पहले की तुलना में इसमें 2.1 डिग्री की वृद्धि हुई है।
राष्ट्रीय राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी शनिवार को न्यूनतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पालम में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं, लोधी रोड में यह 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार की तुलना में 2.4 डिग्री अधिक है।
इसके अलावा, रिज में यह 26.8 डिग्री और आयानगर में 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार तड़के दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत कम मात्रा की बारिश रिकार्ड की गई।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "अपराह्न और शाम के समय गरज, चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है और इसके 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।