आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की वायु गुणवत्ता बुधवार को एक बार फिर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 379 दर्ज किया गया। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने दी।
सीपीसीबी के अनुसार, शहर में पंजाबी बाग में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 458 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली में मंगलवार को भी एक्यूआई 300 के पार रहा था और 332 दर्ज किया गया था, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
विषाक्त हवा के बीच दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में बुधवार को न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 0.8 डिग्री अधिक है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। वहीं, लोधी रोड में तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है, जबकि रिज केंद्र में यह 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है।