दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार, न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Delhi's air quality improves marginally, minimum temperature recorded at 14.8 degrees Celsius
Delhi's air quality improves marginally, minimum temperature recorded at 14.8 degrees Celsius

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शहर के केवल दो निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही।
 
दिल्ली में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 11 नवंबर को भी न्यूनतम तापमान इतना ही दर्ज किया गया था।
 
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सिरी फोर्ट में सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 354 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं, छावनी क्षेत्र में एक्यूआई 98 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है।
 
सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर शहर का औसत एक्यूआई 221 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। रविवार शाम को यह 290 था और तब भी वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में थी।
 
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।
 
रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। आयानगर में यह 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।
 
शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
आईएमडी ने दिन में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।