आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम में भगवान अयप्पा का शबरिमला मंदिर वार्षिक मंडल तीर्थयात्रा के लिए सोमवार शाम पांच बजे खोला जाएगा।
तीर्थयात्रा का यह वार्षिक सत्र 17 नवंबर से शुरू होगा।
निवर्तमान मेलशांति (मुख्य पुजारी) ई. डी. प्रसाद नंबूदिरी, तंत्री कंडारू ब्रह्मदत्तन की उपस्थिति में मंदिर के कपाट खोलेंगे और पारंपरिक दीप प्रज्वलित करेंगे।
इसके बाद वह 18 पवित्र सीढ़ियों से नीचे उतरकर पवित्र अग्नि (आझी) प्रज्वलित करेंगे और नवनियुक्त मुख्य पुजारियों को सन्निधानम तक लेकर जाएंगे।
तंत्री शाम करीब साढ़े छह बजे शबरिमला मंदिर के नवनियुक्त मेलशांति अरीक्करा सुब्रमण्यम शंकरन नंबूदिरी का अभिषेक करेंगे।
इसी तरह का अनुष्ठान मलिकप्पुरम मंदिर में भी आयोजित किया जाएगा, जहां ए. दामोदरन नंबूदिरी को नए मुख्य पुजारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कोई अन्य धार्मिक अनुष्ठान निर्धारित नहीं है।
उन्होंने बताया कि मंडल तीर्थयात्रा का औपचारिक आरंभ मंगलवार तड़के तीन बजे होगा, जब नवनियुक्त मुख्य पुजारी शबरिमला और मलिकप्पुरम मंदिरों के कपाट खोलेंगे ताकि श्रद्धालु दर्शन कर सकें।