Chhath Puja celebrated in Andaman, festival declared a public holiday for the first time
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में सोमवार को छठ पूजा मनाई गई और इस दौरान श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए कॉर्बिन्स कोव बीच पर एकत्र हुए।
इस केंद्र शासित प्रदेश में पहली बार छठ पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया।
उपराज्यपाल दिनेश शर्मा ने छठ पूजा के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था।
त्योहार के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने की रस्म 'उषा अर्घ्य' श्री विजय पुरम (पहले पोर्ट ब्लेयर) में सुबह पांच बजकर 16 मिनट पर निभाई गई। इससे पहले रविवार को श्रद्धालुओं ने शाम चार बजकर 51 मिनट पर डूबते सूर्य को 'संध्या अर्घ्य' दिया था।
शर्मा ने रविवार को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान सांसद विष्णु पद रे और मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती भी मौजूद थे।
इस द्वीपसमूह के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए शर्मा ने कहा कि यह त्योहार प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देता है। साथ ही यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोगों का सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व ही इन द्वीपों की विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा जैसे त्योहार भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव को और मजबूत करते हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) राजेश देव ने कहा कि सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय के कारण त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।