आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो अलग अलग मामलों में राष्ट्रीय राजधानी और हरियाणा के गुरुग्राम से लापता हुईं सात और 17 साल की दो लड़कियों को बरामद कर लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सात साल की बच्ची इस साल 28 जनवरी को गुरुग्राम के थाना सेक्टर 17-18 क्षेत्र से लापता हो गई थी और इस बाबत 30 जनवरी को संबंधित थाने में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा के तहत एक मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि दूसरा मामला 17 वर्षीय लड़की का है जो दिल्ली के कंझावला थाना क्षेत्र से 21 मार्च 2025 को लापता हो गई थी और इस बाबत भी मामला दर्ज किया गया था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच अपराध शाखा की मानव तस्करी रोधी इकाई ने की और आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी निगरानी की मदद से दोनों लड़कियों को दिल्ली के अलग अलग इलाकों से ढूंढ निकाला।
उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी और अन्य जानकारी के आधार पर सात वर्षीय बच्ची दिल्ली के करोल बाग स्थित फ्लैग चिल्ड्रेन होम में मिली।