आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझा रखने और बेचने के आरोप में अलग-अलग मामलों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और इस प्रतिबंधित मांझे की 45 चरखियां बरामद की हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि पुरानी दिल्ली के मीना बाजार में उर्दू पार्क के पास 34 वर्षीय मोहम्मद रिजवान के पास से दो चरखियां बरामद की गईं, जबकि हौज काजी में एक्सेलर सिनेमा के निकट 20 वर्षीय मोहम्मद अजीम के पास से 29 चरखियां जब्त की गईं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अन्य आरोपी 50 वर्षीय मोहम्मद शमीम को हिम्मतगढ़ इलाके में फाजिल रोड के पास तीन चरखियां ले जाते हुए पकड़ लिया।
उनके मुताबिक, पुलिस ने 46 वर्षीय अब्दुल कलाम के पास से भी नौ चरखियां बरामद कीं, जो कथित तौर पर अजमेरी गेट की एक दुकान से प्रतिबंधित मांझा बेच रहा था। तकिया काले खां के पास 37 वर्षीय आरिफ के पास से दो और चरखियां जब्त की गईं।
अधिकारी ने बताया कि इस बाबत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की जांच जारी है।
उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान शमीम ने खुलासा किया कि उसने प्रतिबंधित मांझा सदर बाजार से खरीदा था। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित मांझे के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।