दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री पर हमले के बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 20-08-2025
Delhi Police registers attempt to murder case after attack on CM
Delhi Police registers attempt to murder case after attack on CM

 

नई दिल्ली
 
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके स्थित कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंठिया ने एक बयान में बताया कि सिविल लाइंस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान सकरिया राजेशभाई खिमजीभाई के रूप में हुई है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
 
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ मुख्यमंत्री पर हुए हमले की जांच कर रहा है।
 
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बुधवार सुबह रेखा गुप्ता के कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ के दौरान उन पर हमला किया गया।
 
रेखा गुप्ता ने इस हमले को ‘हत्या की सुनियोजित साजिश’ का हिस्सा करार दिया।