दिल्ली पुलिस ने बवाना में एलपीजी की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया, 75 सिलेंडर जब्त किए गए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-04-2026
Delhi Police busts LPG black marketing racket in Bawana, seizes 75 cylinders
Delhi Police busts LPG black marketing racket in Bawana, seizes 75 cylinders

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
दिल्ली पुलिस ने बवाना इलाके में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस ने इस मामले में अनिल (50) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 75 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
 
अधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण और परिवहन की गुप्त सूचना मिलने के बाद आरोपी को पकड़ा गया।
 
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार शाम बवाना के डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास घेराबंदी की। शाम करीब चार बजे एक पिकअप ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 27 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए। इनमें घरेलू और व्यावसायिक, दोनों तरह के सिलेंडर शामिल थे।
 
अधिकारी ने कहा, "पूछताछ के दौरान आरोपी सिलेंडरों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज, लाइसेंस, परमिट, स्टॉक रजिस्टर या स्वामित्व का प्रमाण पेश नहीं कर सका।"
 
पूछताछ में अनिल ने खुलासा किया कि पास के परिसरों में और भी सिलेंडर रखे हुए हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इलाके की एक फैक्ट्री के पास दो कमरों और लोहे के एक शेड पर छापा मारा।
 
अधिकारी ने बताया, "वहां से 48 अतिरिक्त सिलेंडर बरामद किए गए, जिससे कुल जब्ती 75 हो गई है। सिलेंडरों को बिना किसी सुरक्षा उपाय या कानूनी अनुमति के रखा गया था, जिससे गंभीर खतरा हो सकता था।"
 
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से समुद्री आपूर्ति मार्ग बाधित होने से भारत में एलपीजी का संकट पैदा हो गया है।