Delays and disruptions in flag hoisting ceremonies for several countries, including India, at the Asian Games
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एशियाई खेलों में अव्यवस्था के कारण हो रही आलोचना के बीच भारत समेत कई देशों का पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह शुक्रवार को पहले तो देर से शुरू हुआ और फिर बाधित हो गया और ‘अज्ञात’ संकट से निपटने के बाद बहाल हो सका ।
भारत के चार अभियान उप प्रमुख अचंता शरत कमल, लिजो डेविड टी, अलकनंदा अशोक और अंजलि भागवत गार्डन पियर पर समारोह के लिये मौजूद थे । यह स्थान खिलाड़ियों के लिये बने कंटेनरनुमा आवास के करीब है ।
स्थानीय आयोजकों ने एक बयान में कहा ,‘‘ विलंब के लिये हम क्षमाप्रार्थी हैं । एक टीम के साथ कुछ दिक्कत है । हम 15 मिनट बाद फिर बहाल करने की कोशिश करेंगे ।’’
यह व्यवधान एक घंटे तक चला और आयोजकों ने विस्तार से जानकारी दिये बिना इतना ही कहा कि संवादहीनता के कारण ऐसा हुआ ।
समारोह के बाद एक बयान में कहा गया ,‘‘ एशियाई ओलंपिक परिषद के कार्यकारी बोर्ड और आयोजन समिति के बीच संवाद ठीक नहीं था जिसकी वजह से ऐसा हुआ ।’’
समारोह में यमन, उत्तर कोरिया , फलस्तीन, भारत और तिमोर लेस्टे को भाग लेना था । पहले यह 20 मिनट विलंब से शुरू हुआ और फिर अचानक रोक दिया गया जिसका कोई स्पष्टीकरण भी नहीं दिया गया ।