जयपुर में मूक-बधिर छात्रों का धरना, नेता प्रतिपक्ष जूली ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-08-2026
Deaf and mute students protest in Jaipur, Leader of Opposition Julie targets BJP government
Deaf and mute students protest in Jaipur, Leader of Opposition Julie targets BJP government

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बुधवार को जयपुर स्थित राजकीय सेठ आनन्दीलाल पोद्दार मूक-बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के प्रदर्शन को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील है।

विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विद्यालय के बाहर धरना दिया। इसकी सूचना मिलने पर जूली, कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान और विधायक अमित चाचन धरनास्थल पहुंचे तथा विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने विद्यालय के कर्मचारियों से भी उनकी समस्याओं के संबंध में चर्चा की।
 
जूली ने कहा कि यह भाजपा सरकार के लिए "कलंक" है कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और अधिकारों के लिए एक बार फिर सड़कों पर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
 
जूली ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को जर्जर और असुरक्षित कक्षाओं में पढ़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
 
उन्होंने कहा कि श्रवण बाधित बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों की जगह अप्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
 
उन्होंने कहा कि जो बच्चे बोलकर अपनी बात नहीं रख सकते, उनकी खामोशी आज सरकार की असंवेदनशीलता के खिलाफ राजधानी की सड़कों पर गूंज रही है।
 
जूली ने कहा, "इन मासूम बच्चों को कक्षाओं में बैठाने के बजाय धरने पर बैठने के लिए मजबूर करना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि अमानवीयता और क्रूरता की पराकाष्ठा है।’’