आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी संसद में एक द्विदलीय विधेयक पेश किया गया है जिसमें मंदिरों और गुरुद्वारों सहित पूजा स्थलों के आसपास 100 फुट का बफर जोन बनाने और ऐसे क्षेत्रों के भीतर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या धमकी को संघीय अपराध मानने का प्रावधान है।
न्यूयॉर्क से डेमोक्रेटिक सांसद टॉम सुओजी और ओहायो से रिपब्लिकन सांसद मैक्स मिलर ने धार्मिक सभाओं और धार्मिक प्रतिष्ठानों में व्यवधान से सुरक्षा (एसएसीआरईडी) अधिनियम से जुड़ा विधेयक पेश किया है।
इस विधेयक का उद्देश्य किसी पूजा स्थल के 100 फुट के दायरे में धार्मिक पूजा के अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे लोगों को जानबूझकर डराना, बाधा डालना या परेशान करने को संघीय अपराध बनाना है, चाहे ऐसा उन्हें धमकाकर, उनका रास्ता रोककर या उत्पीड़न या डराने के उद्देश्य से उनके आठ फुट के दायरे में पहुंचकर ही क्यों न किया गया हो।
एसएसीआरईडी विधेयक को एंटी-डिफेमेशन लीग (एडीएल), अमेरिकन ज्यूइश कमेटी (एजेसी), यूनियन ऑफ ऑर्थोडॉक्स ज्यूइश कांग्रेगेशन्स ऑफ अमेरिका (ओयू), हदासाह, इस्लामिक सोसाइटी ऑफ नॉर्थ अमेरिका (आईएसएनए) का समर्थन प्राप्त है।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ), ज्यूइश फेडरेशन्स ऑफ नॉर्थ अमेरिका (जेएफएनए), यूजेए-फेडरेशन ऑफ न्यूयॉर्क, होलोकॉस्ट मेमोरियल एंड टॉलरेंस सेंटर ऑफ नासाउ काउंटी (एचएमटीसी), अगुदथ इजराइल ऑफ अमेरिका और यूनाइटेड सिख्स ने भी इसका समर्थन किया है।
सांसद सुओजी ने कहा, “किसी को भी परेशान या डराया-धमकाया जाना नहीं चाहिए, खासकर जब वे अपने पूजा स्थल की ओर जा रहे हों।”