CPA conference to have policy discussions on the goal of 'Developed India': Om Birla
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कहा कि यहां आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) सम्मेलन में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आवश्यक नीतियों पर चर्चा की जाएगी।
हरियाणा विधानसभा की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय द्वितीय राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र, जोन-दो सम्मेलन का उद्घाटन बिरला करेंगे।
चंडीगढ़ पहुंचने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘इस बात पर चर्चा होगी कि हम नीतियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को कैसे साकार कर सकते हैं।’’
सम्मेलन में सीपीए भारत क्षेत्र जोन-दो के पांच राज्यों—जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की विधानसभाओं के अध्यक्ष, विधायक, विधान परिषदों के सभापति, उप सभापति और विधान परिषद सदस्य भाग लेंगे।
प्रतिभागी ‘‘भविष्य की चुनौतियों और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की भूमिका’’ विषय पर विचार-विमर्श करेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण तथा राज्य के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा भी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन का समापन नौ जून को होगा, जिसमें हरियाणा के राज्यपाल आशिम कुमार घोष समापन भाषण देंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य संसदीय सहयोग को मजबूत करना, विधायी एवं संसदीय कार्यप्रणाली से जुड़े श्रेष्ठ अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा क्षेत्रीय और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देना है।
बयान में कहा गया है कि यह सम्मेलन पीठासीन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में योगदान देने संबंधी रणनीतियों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान करेगा।