Court to hear case of alleged making and circulating obscene picture of woman with Modi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली उच्च न्यायालय शुक्रवार को एक महिला की उस याचिका पर तत्काल सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया, जिसमें उसने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं- सौरभ दास, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और रत्ना सिंह- पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उसकी ‘डीपफेक’ अश्लील तस्वीरों को ‘मॉर्फ’ करके प्रसारित करने का आरोप लगाया है।
याचिका में कुछ ऐसी कथित रूप से फर्जी और डीपफेक तस्वीरों को हटाने का अनुरोध किया गया है, जिनमें महिला के बदले हुए चेहरे को प्रधानमंत्री के साथ अश्लील तस्वीरों में दिखाया गया है।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता उमेश शर्मा ने मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष मामले का विशेष उल्लेख करते हुए त्वरित सुनवाई का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। खंडपीठ ने इसके बाद मामले को शुक्रवार को सूचीबद्ध करने की अनुमति दे दी।
हालांकि, उन्होंने दलील दी कि जिम्मेदार लोगों को पकड़ने या वायरल डीपफेक लिंक को तत्काल हटाने अथवा उन्हें अवरुद्ध करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।