अदालत ने भाजपा विधायक प्रणत टुडू के खिलाफ जांच की अनुमति दी, दंडात्मक कार्रवाई पर रोक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-07-2026
Court allows probe against BJP MLA Pranat Tudu, stays punitive action
Court allows probe against BJP MLA Pranat Tudu, stays punitive action

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य पुलिस को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक प्रणत टुडू के खिलाफ 2024 के एक आपराधिक मामले की जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बुधवार को अनुमति दे दी। हालांकि, साथ ही पुलिस को निर्देश दिया कि वह अदालत की अनुमति के बिना टुडू के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न करे।
 
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने जून 2024 में दिए गए एक अंतरिम आदेश में संशोधन किया, जिसमें लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस को टुडू के खिलाफ कार्रवाई करने से रोका गया था।
 
अदालत ने कहा कि जिन परिस्थितियों की वजह से पूर्व में राहत दी गई थी, वे अब नहीं हैं और इसलिए जांच एजेंसी को मामले पर आगे बढ़ने की अनुमति दी जाती है।
 
उच्च न्यायालय ने हालांकि निर्देश दिया कि अदालत की अनुमति के बिना टुडू के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए बशर्ते वह जांच में सहयोग करें।
 
अदालत ने कहा कि यह सुरक्षा 12 अक्टूबर तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी। एकल पीठ ने पुलिस को जांच की प्रगति रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया।
 
टुडू का पक्ष रखने के लिए पेश हुए अधिवक्ता मयूख मुखर्जी ने दलील दी कि भाजपा नेता घटना के समय झारग्राम से पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार थे और उन पर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गढ़बेटा में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला किया था।
 
उन्होंने कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान की शिकायत पर गढ़बेटा थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और इसके बजाय टूडू के खिलाफ हत्या की कोशिश तथा महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे आरोपों में ‘‘निराधार’’ मामला दर्ज कर लिया।
 
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि 3 जून 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान करने और मतगणना एवं परिणाम आने के समय मौजूदगी के दो कारणों के अधार पर टुडू को अंतरिम राहत दी गई थी और अब उक्त दोनों वजह समाप्त हो चुकी हैं।
 
उन्होंने कहा कि तदनुसार अदालत पूर्व के आदेश में संशोधन करते हुए पुलिस को जांच आगे बढ़ाने की अनुमति देती है, साथ ही दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा कायम रखती है।
 
टुडू इस साल की शुरुआत में पश्चिम मेदिनीपुर जिले की बिनपुर सीट से विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।