आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश विधानपरिषद की वाराणसी खंड स्नातक सीट के लिए पिछले करीब 48 घंटे से मतगणना जारी रहने के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का 'डटे' रहने और जीत का प्रमाण पत्र लेकर ही उठने का आह्वान किया।
वाराणसी खंड स्नातक सीट के लिए मतगणना करीब 48 घंटे से भी ज्यादा समय से जारी है जिसमें सपा उम्मीदवार आशुतोष सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के केदारनाथ सिंह से करीब 17000 मतों से आगे चल रहे हैं।
इससे पहले, बुधवार को घोषित परिणाम में वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र की सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की थी।
सपा प्रमुख ने वाराणसी खंड स्नातक सीट की मतगणना के बीच बृहस्पतिवार सुबह 'एक्स' पर एक पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘सब डटे रहें और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही उठें।’’
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये आदि की व्यवस्था करके अपने साथियों की मदद करें तथा हौसलों के गीत गाकर जागते रहें… ‘‘सवेरा अपना होगा।’’