Congress leadership deliberates on Rajya Sabha and Legislative Council elections in Karnataka
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत राज्य के कई नेताओं साथ बैठक की।
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद के आगामी चुनावों पर चर्चा की गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दोनों चुनावों के लिए उम्मीदवार तय करने के लिए बैठक बुलाई थी।
बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी उपस्थित थे।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि पार्टी मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ हुई बैठक लगभग दो घंटे तक चली।
कर्नाटक में खाली हो रही राज्यसभा की चार सीट में से कांग्रेस तीन और भाजपा एक सीट जीतने की स्थिति में है।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राज्यसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की। खरगे का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल खत्म हो रहा है और उनके कर्नाटक से ही एक बार फिर चुने जाने की संभावना है।
पार्टी शिवकुमार के भाई डीके सुरेश तथा पिछड़े वर्ग के किसी नेता या महिला उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतार सकती है।
समझा जाता है कि कांग्रेस नेताओं ने विधान परिषद सीटों के लिए भी पार्टी के उम्मीदवारों पर चर्चा की। राज्य विधानसभा में कांग्रेस के संख्या बल को देखते हुए विधान परिषद की सात रिक्त सीट में से कांग्रेस को चार सीट मिलने की संभावना है।
कर्नाटक में 20 मई को कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर अटकलें जारी हैं।
शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनने को लेकर हुए कथित समझौते के तहत उनकी (शिवकुमार) पदोन्नति पर जोर दे रहे हैं।