indefinite hunger strike after Wangchuk was taken to hospital.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को घोषणा की कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल से सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के तुरंत बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं अभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं।’’
वांगचुक को उनके अनिश्चितकालीन अनशन के 21वें दिन शनिवार तड़के तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि चिकित्सकीय सलाह और दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया।
बहरहाल, पुलिस ने कहा कि वांगचुक को ‘‘आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल’’ के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उसने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की।
वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और इस विवाद के कारण कथित तौर पर कुछ छात्रों की मौत के विरोध में 28 जून से कॉजपा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
दीपके की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं।