आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि 'सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन-2026' राज्य की निवेश क्षमता को प्रदर्शित करेगा तथा वैश्विक व्यापार एवं प्रौद्योगिकीय सहयोग को आसान बनाएगा।
शिखर सम्मेलन का 31वां संस्करण 12-13 नवंबर को विशाखापत्तनम में 'नई विश्व व्यवस्था में राह बनाना: व्यापार, प्रौद्योगिकी, विश्वास' विषय के तहत आयोजित किया जाएगा। इसमें 15 विदेश मंत्रियों सहित 59 देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।
नायडू ने एक बयान में कहा, ''सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन-2026 दुनिया के सामने आंध्र प्रदेश की निवेश क्षमता को प्रस्तुत करने और वैश्विक हितधारकों के साथ व्यावसायिक तथा प्रौद्योगिकीय साझेदारी को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगा।''
यह दो दिवसीय आयोजन विभिन्न देशों के सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के दिग्गजों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा।
बयान में कहा गया कि इस शिखर सम्मेलन में 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं के अलावा 350 विदेशी और 900 भारतीय प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे कुल भागीदारी लगभग 1,250 हो जाएगी।