आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा है कि राज्य सरकार टाइप एक मधुमेह से पीड़ित बच्चों के उचित इलाज और उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
सतीशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में टाइप एक मधुमेह का स्थायी उपचार खोजने के उद्देश्य से किए जा रहे शोध को और मजबूत करने की जरूरत भी बताई।
टाइप एक मधुमेह एक दीर्घकालिक स्व-प्रतिरक्षित बीमारी है, जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से अग्न्याशय में इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं को नष्ट कर देती है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां पूजप्पुरा में आयोजित टाइप एक मधुमेह सम्मेलन में शामिल होने के बाद पोस्ट में कहा, ‘‘मधुमेह के कारण किसी बच्चे के सपने सीमित नहीं होने चाहिए। हर बच्चे को बड़े सपने देखने, अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने और बिना किसी बंदिश के जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। टाइप एक मधुमेह से पीड़ित बच्चों के उचित इलाज और एनालॉग इंसुलिन सहित जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘टाइप एक मधुमेह का स्थायी इलाज खोजने के उद्देश्य से किए जा रहे शोध को और मजबूत किया जाना चाहिए। उम्मीद है कि ऐसे शोध के नतीजे इस बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए नयी उम्मीद और राहत लेकर आएंगे।’’