Children's privacy case: TikTok settles with US Justice Department for $400 million
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टिकटॉक ने बच्चों की निजता से जुड़े संघीय कानूनों के उल्लंघन के मामले में अमेरिकी न्याय मंत्रालय के साथ 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर के समझौते पर सहमति जताई है।
अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि टिकटॉक तत्काल 30 करोड़ डॉलर का भुगतान करेगा, जबकि शेष 10 करोड़ डॉलर का भुगतान उस समय किया जाएगा जब उसकी पूर्ववर्ती कंपनी म्यूजिकली के खिलाफ जारी पुराने सहमति आदेश को रद्द कर दिया जाएगा।
अमेरिका के एसोसिएट अटॉर्नी जनरल स्टेनली ई. वुडवर्ड जूनियर ने एक बयान में कहा, ‘‘यह समझौता अमेरिकी बच्चों और अभिभावकों के लिए बड़ी जीत है।’’
उन्होंने कहा कि मंत्रालय की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा हो और जिन कंपनियों को उनकी निजी जानकारी सौंपी गई है, वे अपने कानूनी दायित्वों का पालन करें।
न्याय मंत्रालय द्वारा 2024 में मुकदमा दायर किए जाने के बाद टिकटॉक में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इनमें सबसे प्रमुख बदलाव अमेरिका में कंपनी के स्वामित्व ढांचे से जुड़ा है। जनवरी में इस सोशल मीडिया मंच ने ओरेकल, सिल्वर लेक और संयुक्त अरब अमीरात की निवेश कंपनी एमजीएक्स समेत कई बड़े निवेशकों के साथ समझौते किए थे, ताकि नया टिकटॉक अमेरिकी संयुक्त उद्यम बनाया जा सके।