सोलन अग्निकांड पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक, जांच के आदेश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-01-2026
Chief Minister Sukhu expressed grief over the Solan fire incident and ordered an inquiry.
Chief Minister Sukhu expressed grief over the Solan fire incident and ordered an inquiry.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार रात हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही सोलन के उपायुक्त को तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उनके आदेश पर अर्की फायर सर्विस के साथ-साथ शिमला के बालूगंज, सोलन के बनालगी और अंबुजा सीमेंट कंपनी से भी दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
 
सीएम सुक्खू ने बताया कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। हादसे में घायल दो लोगों का इलाज अर्की के सिविल अस्पताल में चल रहा है और प्रशासन को उन्हें हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक बच्चे के परिजनों को तुरंत सहायता देने और पूरे मामले की जांच कराने के आदेश भी दिए हैं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्की बाजार में हुई यह घटना बेहद हृदयविदारक है। मासूम बच्चे की असमय मृत्यु ने सभी को झकझोर दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
 
स्थानीय प्रशासन के अनुसार आग रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच लगी, जिसने तेजी से आसपास की दुकानों और इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। अब तक करीब 10 से 12 दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बचाव दल मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।