मुख्यमंत्री नीतीश, तेजस्वी, गिरिराज सिंह, सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गजों ने पहले चरण में डाला वोट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-11-2025
Chief Minister Nitish Kumar, Tejashwi Yadav, Giriraj Singh, Samrat Chaudhary and several other prominent figures cast their votes in the first phase.
Chief Minister Nitish Kumar, Tejashwi Yadav, Giriraj Singh, Samrat Chaudhary and several other prominent figures cast their votes in the first phase.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को राज्य के कई दिग्गज नेताओं ने मतदान किया। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ शामिल हैं।
 
राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह नौ बजे तक पहले दो घंटे में कुल 13.13 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सहरसा में सर्वाधिक 15.27 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि बेगूसराय में 14.6 प्रतिशत और मुजफ्फरपुर में 14.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह नगर बख्तियारपुर में मतदान करने से पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि नागरिकों का कर्तव्य भी है।” उन्होंने बख्तियारपुर में अपना वोट डाला।
 
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।
 
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में मतदान किया। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास कार्य हुए हैं, वे जारी रहने चाहिए। आज जो परिवर्तन हम देख रहे हैं, वह लंबे प्रयासों का परिणाम है। विकास के लिए वोट करें।”
 
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लखीसराय में मतदान करने के बाद कहा कि बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान की जांच ‘वोट चोरी’ रोकने के लिए जरूरी है।
 
उन्होंने कहा, “यह धार्मिक पक्षपात नहीं है... हम पाकिस्तान में नहीं रहते। न बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी और न ही यहां शरीया कानून लागू होगा।”