आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने पार्टी आलाकमान द्वारा उन्हें केरल का मुख्यमंत्री नामित नहीं किए जाने के बाद शुक्रवार को अपनी चुप्पी तोड़ी और राज्य सरकार के शीर्ष पद के लिए चुने गए वी.डी. सतीशन को बधाई दी।
सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार में उनके शामिल होने को लेकर जारी अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक ने कहा कि मंत्रिमंडल के गठन का अधिकार मुख्यमंत्री का होता है।
यहां भगवान कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में मिला जनादेश राज्य को 10 वर्षों के वाम शासन से मुक्त कराने के लिए था। उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कार्यकर्ता सतीशन के साथ एकजुट होकर खड़े रहेंगे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मंत्रिमंडल का हिस्सा होंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल में किसे शामिल किया जाए, यह मुख्यमंत्री तय करेंगे।’’
परवूर से विधायक सतीशन को केरल का अगला मुख्यमंत्री नामित किए जाने के एक दिन बाद चेन्निथला ने कहा, ‘‘मैं आलाकमान के फैसले का स्वागत करता हूं। मुझे विश्वास है कि उन्हें सभी कांग्रेस-यूडीएफ कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलेगा। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’’
कांग्रेस द्वारा बृहस्पतिवार को सतीशन के नाम की घोषणा किए जाने के तुरंत बाद चेन्निथला तिरुवनंतपुरम स्थित अपने आवास से निकल गए थे। मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों पर विचार किया गया था, उनमें उनका नाम भी शामिल था।
घोषणा होते ही यहां वझुथाकौड स्थित चेन्निथला के आवास पर पत्रकार पहुंचने लगे थे। हालांकि, वह पहले ही गुरुवायूर मंदिर के लिए रवाना हो गए।