आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के एक गांव में उस समय झड़प हो गई जब ग्रामीणों ने कथित तौर पर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बैरिकेड लगा दिए और सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) की टीम को मौके से खदेड़ दिया।
जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में हुई इस घटना को कॉजपा ने अपनी ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के दौरान टीम पर हमला बताया है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया और राजस्थान पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया।
रांका ने आरोप लगाया कि कॉजपा टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और महिला समर्थकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
कॉजपा के अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा के ‘‘गुंडे’’ आशुतोष (रांका) एवं कॉजपा के अन्य स्वयंसेवकों के पीछे पड़े हैं। उन्होंने सवाल किया कि राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले की अनुमति कैसे दे सकती है।
हालांकि, बगरू के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।
घटना के वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को कॉजपा टीम के सदस्यों के साथ तीखी बहस करते, उनलोगों को गांव में प्रवेश करने से रोकते और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। कुछ वीडियो में कारों की टूटी हुई खिड़कियां भी नजर आईं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे कॉजपा टीम की थीं।