Centre has no intention of stopping incidents of question paper leaks: Arvind Kejriwal
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले ‘टेलीग्राम’ ऐप तक पहुंच अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के केंद्र के फैसले को बुधवार को ‘‘बेतुका’’ करार दिया और दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक को रोकने की सरकार की कोई मंशा नहीं है।
केंद्र सरकार ने नीट-यूजी 2026 की पुनः परीक्षा से पहले मंगलवार को ‘टेलीग्राम’ ऐप पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा कि यह कदम नकल कराने वाले गिरोहों और दुष्प्रचार से निपटने के लिए उठाया गया है।
एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि 22 जून तक टेलीग्राम पर रोक यह सुनिश्चित करने के लिए लगायी गयी है कि 21 जून को होने वाली पुनः परीक्षा बिना किसी गड़बड़ी के हो।
अरविंद केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की प्रश्न पत्र लीक रोकने की नीयत ही नहीं है इसलिए इस तरह के बेतुके कदम उठाये जा रहे हैं। प्रश्नपत्रों को सेना के विमानों से ले जाना और टेलीग्राम बंद करना- क्या इन कदमों से प्रश्न पत्र लीक होने बंद होंगे? बिल्कुल नहीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नपत्र लीक का धंधा अरबों रुपए का है। इसका पैसा शीर्ष तक जाता है। प्रश्न पत्र लीक होना बंद हो गया तो विधायक/सांसद खरीदने के पैसे कहां से आयेंगे?’’
सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम ऐप को गूगल और एप्पल के ऐप स्टोर से हटाने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को हुई थी, लेकिन अनियमितताओं के आरोपों के बीच 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया।